Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एक युवक ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का दावा है कि पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद के बीच उसे पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की गई। घटना में गंभीर रूप से झुलसे युवक ने अब पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पत्नी को लेने गया था युवक, विवाद के बाद हुई घटना
आटा थाना क्षेत्र निवासी शहजादे के मुताबिक, उसका अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों के साथ लंबे समय से रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। पीड़ित का कहना है कि 7 मई को वह उरई कोतवाली क्षेत्र स्थित जेल रोड पर अपनी पत्नी को लेने पहुंचा था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
शहजादे का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पत्नी और उसके परिजनों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। पीड़ित का दावा है कि उसे जान से मारने की नीयत से इस घटना को अंजाम दिया गया।
कई दिनों तक अस्पताल में चला इलाज
घटना में गंभीर रूप से झुलसने के बाद शहजादे को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका इलाज 15 मई से 29 मई तक चला। पीड़ित का कहना है कि इस दौरान उसे काफी शारीरिक और मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाया है।
‘मैं जिंदा लाश बनकर घूम रहा हूं’
घटना को याद करते हुए शहजादे भावुक हो गया। उसने कहा कि जिस पत्नी पर उसने भरोसा किया, उसी ने उसे खत्म करने की साजिश रची। पीड़ित ने कहा, “मैं आज जिंदा लाश बनकर घूम रहा हूं। मुझे न्याय चाहिए और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।”

पुलिस कर रही मामले की जांच
स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद शहजादे ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। क्षेत्राधिकारी राजीव शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




































