KHAIRAGARH NEWS. खैरागढ़ जिले के प्रसिद्ध रश्मि देवी जलाशय (छिंदारी बांध) में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। दोस्तों के साथ घूमने और मौज-मस्ती करने पहुंचा एक 17 वर्षीय किशोर नहाने के दौरान गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में मातम छा गया।

जानकारी के मुताबिक, छुईखदान क्षेत्र के तीन दोस्त बुधवार दोपहर छिंदारी बांध पहुंचे थे। कुछ समय बाद तीनों युवक जलाशय में नहाने उतर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों को तैराकी नहीं आती थी, फिर भी वे पानी के गहरे हिस्से की ओर बढ़ गए। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे।

हादसे के दौरान दो युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर किनारे तक पहुंच गए, लेकिन लक्ष्य पाल (17 वर्ष), पिता संजय पाल, गहरे पानी में डूब गया और देखते ही देखते लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। देर शाम तक लगातार खोजबीन की गई, लेकिन किशोर का कोई पता नहीं चल सका। जलाशय की अधिक गहराई और पानी में कम दृश्यता के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग से स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) की विशेष टीम को बुलाया गया है। आधुनिक उपकरणों से लैस टीम गुरुवार सुबह से व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी।
गौरतलब है कि छिंदारी बांध में पहले भी डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। प्रशासन द्वारा बार-बार चेतावनी और सुरक्षा संबंधी अपील किए जाने के बावजूद लोग जोखिम उठाकर गहरे पानी में उतर रहे हैं, जिससे ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं।

फिलहाल पूरे क्षेत्र में चिंता और शोक का माहौल है। वहीं, किशोर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और सभी की निगाहें गुरुवार को शुरू होने वाले SDRF के सर्च ऑपरेशन पर टिकी हैं।





































