BILASPUR NEWS. चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम लिमतरी स्थित जैन ऑर्गेनिक फार्म हाउस में हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर करीब 7 लाख रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने फार्म हाउस का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे नकदी, जेवरात तथा कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। वारदात के बाद उन्होंने पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए, लेकिन उनकी पूरी गतिविधि डीवीआर में रिकॉर्ड हो गई।

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक स्थित ग्रीन पार्क में रहने वाली इवेंट आर्गेनाइजर संगीता जैन ग्राम लिमतरी स्थित अपने फार्म हाउस की नियमित देखरेख करती हैं। रोज की तरह वे शाम को फार्म हाउस से लौटकर अपने निवास चली गई थीं। इसी दौरान सूने पड़े फार्म हाउस को चोरों ने निशाना बना लिया।

पुलिस के अनुसार, 1 जून की रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच तीन नकाबपोश बदमाश फार्म हाउस में घुसे। उन्होंने मुख्य गेट का ताला तोड़ा और कमरे में रखी अलमारी को क्षतिग्रस्त कर लॉकर में रखे 1 लाख 50 हजार रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवरात, चांदी की मूर्तियां, सिक्के तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 7 लाख रुपए बताई जा रही है।

मंगलवार सुबह जब संगीता जैन फार्म हाउस पहुंचीं तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉकर खाली था। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाया था, लेकिन घटना से जुड़े महत्वपूर्ण फुटेज डीवीआर में सुरक्षित रह गए। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

पुलिस ने शुरू की तलाश
सीएसपी सिविल लाइन निमितेष सिंह ने बताया कि फार्म हाउस में चोरी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है।




































