NEW DELHI NEWS. दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक बहुमंजिला इमारत में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने राजधानी को झकझोर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग ग्राउंड फ्लोर पर संचालित लेमन ग्रीन रेस्तरां में लगी, जिसके बाद उसने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। मृतकों में बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की बताई जा रही है।

आग इतनी तेजी से फैली कि ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों के पास बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। कई लोगों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों और बालकनियों से छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने सड़क पर गद्दे बिछाकर कई लोगों की जान बचाने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत धुएं और आग की लपटों से घिर गई थी।

दिल्ली अग्निशमन सेवा को सुबह करीब 9:45 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की कई गाड़ियां, दिल्ली पुलिस, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और कैट्स एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। दिल्ली पुलिस के अनुसार मृतकों में अधिकांश अफ्रीकी मूल के नागरिक हैं, जो होटल के ऊपर बने पीजी और आवासीय हिस्से में रह रहे थे। अधिकारियों ने मृतकों की पहचान और उनके देशों की पुष्टि की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत पीड़ादायक त्रासदी है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव चिकित्सा और अन्य सहायता उपलब्ध करा रही है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

जांच के दायरे में सुरक्षा इंतजाम
अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार आग रेस्तरां परिसर से शुरू हुई थी, लेकिन इसके वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि भवन में अग्नि सुरक्षा मानकों और लाइसेंस संबंधी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।




































