Jalaun Road Accident उत्तरप्रदेश :जालौन जिले के माधौगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

यह हादसा माधौगढ़-ऊमरी मार्ग पर बचपन स्कूल के सामने शाम करीब 7:45 बजे हुआ। ग्राम धमना में आयोजित रामचरितमानस पाठ कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे रामबरन सिंह उर्फ लालू अपने छोटे भाई संजय सिंह के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों भाई सड़क पर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रामबरन सिंह को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, गंभीर रूप से घायल संजय सिंह की हालत चिंताजनक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलते ही माधौगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।



































