SITAPUR NEWS. सरगुजा जिले के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक रामकुमार टोप्पो और राजापुर में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के बीच विवाद अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है, जिसके बाद जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

मामला 27 मई की शाम का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, राजापुर तहसील तिराहे के पास हुए विवाद के दौरान नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी ने विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने, दबाव बनाने और मारपीट करने का आरोप लगाया है।

नायब तहसीलदार ने अपनी शिकायत में बताया कि विधायक रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम रजा, पंकज गुप्ता सहित 10 से 12 लोग शोध क्षमता प्रमाण पत्र पर तत्काल हस्ताक्षर कराने का दबाव बना रहे थे। जब उन्होंने नियमों का हवाला देते हुए मना किया, तो आरोपियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। शिकायत में यह भी कहा गया कि उन्हें जमीन पर गिरा दिया गया।

घटना के दौरान एसडीएम फागुन सिन्हा भी मौके पर मौजूद थे। बताया गया कि एसडीएम ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला, अन्यथा मामला और गंभीर हो सकता था। पुलिस ने नायब तहसीलदार की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो समेत अन्य लोगों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया है।

वहीं दूसरी ओर विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। महिला ने आरोप लगाया है कि तहसील कार्यालय में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जातिसूचक टिप्पणी की गई और धक्का देकर कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया।

महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नायब तहसीलदार के खिलाफ बीएनएस की जमानती धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
दोनों पक्षों पर कार्रवाई के बाद पूरे जिले में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। राजनीतिक गलियारों से लेकर प्रशासनिक महकमे तक इस घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



































