Raigarh News रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शराब पार्टी के दौरान हुआ मामूली विवाद एक 16 वर्षीय किशोर की मौत का कारण बन गया। दोस्तों के बीच शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि किशोर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम गुरदा निवासी किशोर अपने कुछ परिचित युवकों के साथ डोगरमूड़ा खार इलाके में शराब पीने गया था। शराब पार्टी के दौरान चखना और आम तोड़ने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया।

आरोप है कि गुस्से में आरोपियों ने किशोर के साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के दौरान वह खेत की मेड़ से नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घबरा गए और मामले को हादसा दिखाने की साजिश रचने लगे।

आरोपियों ने किशोर के शव को बरगद के पेड़ के नीचे ले जाकर रख दिया, ताकि मामला सामान्य दुर्घटना जैसा लगे। अगले दिन शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के दौरान पुलिस को हत्या की आशंका हुई। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने मामले में दो युवकों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में गंभीर अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



































