NEW DELHI NEWS. 12वीं के बाद लाखों छात्र बड़े सपने लेकर हायर एजुकेशन की ओर कदम बढ़ाते हैं, लेकिन आर्थिक तंगी कई बार उनकी पढ़ाई के बीच सबसे बड़ी रुकावट बन जाती है। खासकर साइंस स्ट्रीम के छात्रों के लिए कॉलेज, रिसर्च और लैब से जुड़ा खर्च उठाना आसान नहीं होता। ऐसे में केंद्र सरकार की एक स्कॉलरशिप योजना ऐसे छात्रों के लिए बड़ी राहत बन सकती है, जिसमें हर साल 80 हजार रुपए तक की सहायता दी जाती है और इसके लिए किसी अलग प्रतियोगी परीक्षा को पास करना भी जरूरी नहीं है।

Department of Science and Technology की ओर से चलाई जा रही INSPIRE Scholarship for Higher Education योजना का उद्देश्य साइंस फील्ड में प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ाना है। इस स्कॉलरशिप के जरिए उन युवाओं को प्रोत्साहन दिया जाता है जो भविष्य में वैज्ञानिक बनकर रिसर्च और विज्ञान के क्षेत्र में योगदान देना चाहते हैं। इस योजना के तहत ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन स्तर पर साइंस विषयों की पढ़ाई कर रहे छात्रों को आर्थिक सहायता दी जाती है।

स्कॉलरशिप के तहत कुल 80 हजार रुपए प्रतिवर्ष दिए जाते हैं। इसमें 60 हजार रुपए सीधे छात्र के बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाते हैं। यह राशि हर महीने 5 हजार रुपए के हिसाब से मिलती है। इसके अलावा 20 हजार रुपए अलग से समर रिसर्च प्रोजेक्ट और वैज्ञानिक गतिविधियों के लिए दिए जाते हैं। यह सहायता अधिकतम पांच साल तक मिल सकती है, यानी छात्र अपनी यूजी और पीजी की पढ़ाई पूरी होने तक इसका लाभ उठा सकते हैं।

जानिए कौन कर सकता है आवेदन
इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने वाले छात्र की उम्र 17 से 22 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही छात्र साइंस विषयों में पढ़ाई कर रहा हो।
12वीं बोर्ड परीक्षा में राज्य या केंद्रीय बोर्ड के टॉप 1 प्रतिशत छात्र
JEE Main, JEE Advanced या NEET में टॉप 10 हजार रैंक हासिल करने वाले छात्र
Indian Institutes of Science Education and Research (IISER), National Institute of Science Education and Research (NISER) और DAE-CBS जैसे संस्थानों में प्रवेश लेने वाले छात्र
KVPY, NTSE, JBNSTS या साइंस ओलंपियाड में उपलब्धि हासिल करने वाले छात्र

किन विषयों के छात्रों को मिलेगा फायदा?
इस योजना का लाभ साइंस से जुड़े कई विषयों के छात्रों को मिलता है, जिसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथेमेटिक्स, बायोलॉजी, स्टैटिस्टिक्स, जियोलॉजी, एस्ट्रोफिजिक्स व एस्ट्रोनॉमी शामिल है। इस योजना में इंजीनियरिंग, मेडिसिन, फार्मेसी और अन्य प्रोफेशनल कोर्स शामिल नहीं हैं। इसलिए आवेदन से पहले पात्रता की शर्तों को ध्यान से पढ़ना जरूरी है।

ऐसे करें आवेदन
छात्रों को सबसे पहले INSPIRE के आधिकारिक पोर्टल पर प्रोफाइल बनानी होती है। इसके बाद 12वीं की मार्कशीट, रैंक प्रमाण पत्र और प्रवेश परीक्षा से जुड़े दस्तावेज अपलोड करने होते हैं। स्कॉलरशिप की राशि सीधे खाते में ट्रांसफर होती है, इसलिए छात्र के नाम से State Bank of India में सेविंग अकाउंट होना जरूरी है।


































