RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ शासन ने ईद-उल-जुहा (बकरीद) के सार्वजनिक अवकाश की तारीख में बदलाव करते हुए नई अधिसूचना जारी की है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा मंगलवार को जारी संशोधित आदेश के अनुसार अब बकरीद का अनिवार्य सार्वजनिक अवकाश 27 मई 2026 की बजाय 28 मई 2026, गुरुवार को रहेगा।


इससे पहले राज्य सरकार ने 27 मई, बुधवार को बकरीद का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था, लेकिन अब उसमें आंशिक संशोधन कर नई तारीख तय की गई है। संशोधित आदेश के तहत 28 मई को प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालय, स्कूल-कॉलेज, शैक्षणिक संस्थान, बैंक और वित्तीय संस्थान बंद रहेंगे। साथ ही निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के अंतर्गत आने वाले सभी संस्थानों में भी अवकाश लागू रहेगा।


राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि 27 मई 2026, बुधवार को अब सामान्य कार्य दिवस रहेगा और सभी कार्यालय एवं संस्थान नियमित रूप से संचालित होंगे। आदेश के पालन को सुनिश्चित करने के लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी जिला कलेक्टरों, विभागाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।





































