BALOCHISTAN NEWS. पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को एक भीषण आत्मघाती हमला हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। क्वेटा में रेलवे ट्रैक के पास हुए जोरदार विस्फोट की चपेट में जाफर एक्सप्रेस की शटल आ गई। इस दर्दनाक हमले में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 82 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। धमाके के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार, अफरा-तफरी और धुएं का गुबार फैल गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन क्वेटा कैंट क्षेत्र से आगे बढ़ रही थी, तभी रेलवे ट्रैक के पास अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि इंजन समेत कई डिब्बे पटरी से उतर गए और कुछ में आग लग गई। आसपास खड़े वाहन और नजदीकी इमारतें भी इसकी चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।

राहत-बचाव अभियान तेज, अस्पतालों में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, राहत-बचाव दल और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। घायलों को क्वेटा के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं, हाई अलर्ट जारी
बलूचिस्तान प्रशासन ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रारंभिक जांच में इसे आत्मघाती हमला माना जा रहा है। कुछ रिपोर्टों में अलगाववादी संगठन का दावा सामने आया है, हालांकि आधिकारिक जांच जारी है।

पहले भी निशाने पर रही जाफर एक्सप्रेस
जाफर एक्सप्रेस पाकिस्तान की महत्वपूर्ण रेल सेवाओं में गिनी जाती है, जो क्वेटा को देश के अन्य प्रमुख शहरों से जोड़ती है। बलूचिस्तान लंबे समय से हिंसा और उग्रवादी गतिविधियों से प्रभावित रहा है, जहां रेलवे ट्रैक, सुरक्षा बलों और सरकारी प्रतिष्ठानों पर हमले पहले भी होते रहे हैं। हाल के वर्षों में जाफर एक्सप्रेस को भी कई बार निशाना बनाया जा चुका है।






































