RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर स्थित सालेम स्कूल में धर्मांतरण विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। पहले स्कूल प्रबंधन पर भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे थे, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। अब स्कूल की एक सफाई कर्मचारी समेत कुछ अन्य कर्मचारियों ने प्रबंधन पर धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है।

इसी बीच आरोप लगाने वाले कर्मचारियों को नौकरी से निकाले जाने का मामला सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया। कार्रवाई के विरोध में अंतर्राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता सिविल लाइन थाना पहुंचे और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और बजरंग दल कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झूमाझटकी भी हुई। कार्यकर्ताओं ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द उचित कदम नहीं उठाए, तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रदेश में धर्म स्वतंत्रता कानून लागू होने के बावजूद कुछ संस्थान नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्मांतरण से जुड़े मामलों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

बताया जा रहा है कि धर्मांतरण के आरोप सामने आने के बाद यह मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।





































