RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदलने की अटकलों के बीच पीसीसी चीफ Deepak Baij ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता T. S. Singh Deo को लेकर बड़ा बयान दिया है। बैज ने कहा कि टीएस सिंहदेव राष्ट्रीय स्तर के नेता हैं और उन्हें दिल्ली में संगठन के लिए काम करना चाहिए।

मीडिया से बातचीत में दीपक बैज ने कहा कि टीएस सिंहदेव कांग्रेस के वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं में शामिल हैं। वे इंडियन नेशनल कांग्रेस कमेटी (ICC) के सदस्य हैं और पार्टी ने उन्हें तमिलनाडु एवं पांडुचेरी जैसे राज्यों का ऑब्जर्वर बनाकर अहम जिम्मेदारियां दी हैं।

बैज ने कहा, “बाबा साहब वरिष्ठ नेता हैं। पार्टी उन्हें लगातार बड़ी जिम्मेदारियां देती रही है। प्रदेश उनके लिए काफी छोटी जगह है, उन्हें दिल्ली में काम करना चाहिए।”

उन्होंने संगठन में युवाओं की भागीदारी पर भी जोर देते हुए कहा कि अब प्रदेश में युवाओं को अवसर मिलना चाहिए। बैज के मुताबिक कांग्रेस की युवा टीम लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है और संगठन को मजबूती देने का काम कर रही है।

पीसीसी चीफ के इस बयान को प्रदेश कांग्रेस में चल रही नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इसे संगठन के भीतर नए समीकरण और पीढ़ीगत बदलाव के संकेत के रूप में माना जा रहा है।



































