BILASPUR NEWS. बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलगहना चौकी इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब की लत और रोज-रोज के घरेलू विवाद से परेशान एक पिता ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर 23 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या साबित करने के लिए शव के पास जहर की शीशी रखकर कहानी गढ़ी गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने आरोपी पिता, बड़े भाई और एक नाबालिग भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 20 मई को ग्राम रतखंडी निवासी उमेंद सिंह पटेल (52) ने बेलगहना चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी कि उसके बेटे गौरीशंकर पटेल (23) ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर शव के पास जहर की एक शीशी पड़ी मिली, जिससे शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ।
हालांकि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मामला संदिग्ध लगने लगा।

शरीर पर चोट के निशानों ने बढ़ाया शक
मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए, जिससे पुलिस का संदेह गहरा गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि युवक की मौत जहर से नहीं, बल्कि मुंह और गला दबाने से दम घुटने के कारण हुई थी।

हाथ-पैर बांधकर की हत्या
पुलिस पूछताछ में परिजनों ने स्वीकार किया कि गौरीशंकर अत्यधिक शराब पीता था और अक्सर नशे में घरवालों के साथ मारपीट व विवाद करता था। घटना की रात भी वह नशे की हालत में परिवार के लोगों से झगड़ा कर रहा था।
इसी दौरान पिता उमेंद सिंह, बड़े भाई शिवशंकर पटेल (18) और एक नाबालिग भाई ने उसे काबू कर जमीन पर गिरा दिया। आरोप है कि उसके हाथ-पैर बांधकर मुंह और गला दबाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या छिपाने रची आत्महत्या की कहानी
वारदात के बाद आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। मृतक के मुंह में जहर डालने का प्रयास किया गया और जहर की शीशी शव के पास रख दी गई ताकि मामला सुसाइड लगे। लेकिन पुलिस और फॉरेंसिक जांच की पैनी पड़ताल के सामने आरोपियों की कहानी ज्यादा देर टिक नहीं सकी।
पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी पिता, बड़े भाई और नाबालिग को अभिरक्षा में ले लिया है।





































