BILASPUR NEWS. कभी बिलासपुर की गलियों और स्थानीय मैदानों में हॉकी स्टिक थामकर खेल का सपना देखने वाले युवा खिलाड़ी अवि मानिकपुरी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे। अंडर-18 जूनियर एशिया कप 2026 के लिए घोषित भारतीय हॉकी टीम में अवि का चयन हुआ है। जापान में 29 मई से 6 जून तक आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में अवि भारतीय टीम की जर्सी पहनकर मैदान में उतरेंगे। इस उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ हॉकी को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

अवि की सफलता को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ में उभरती खेल प्रतिभाओं और हॉकी प्रशिक्षण व्यवस्था की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। सीमित संसाधनों के बीच बिलासपुर से निकलकर राष्ट्रीय टीम तक पहुंचने का उनका सफर संघर्ष, अनुशासन और निरंतर मेहनत की कहानी बयां करता है।

स्थानीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन से पहचान बनाने वाले अवि ने राज्य स्तरीय और जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी तेज रफ्तार, मजबूत डिफेंस, टैकलिंग और बेहतरीन खेल समझ से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। लगातार बेहतर प्रदर्शन के कारण उन्हें भारतीय जूनियर टीम के लिए चुना गया।
अवि के खेल को निखारने में छत्तीसगढ़ हॉकी संगठन और हॉकी बिलासपुर की अहम भूमिका रही। संगठन के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, महासचिव डॉ. मनीष श्रीवास्तव, हॉकी बिलासपुर के अध्यक्ष रोहित बाजपेयी और प्रशिक्षक राजेश हेनरी, हरिशंकर हेटा, मृणाल चौबे, अनुराग श्रीवास्तव तथा अमिताभ मानिकपुरी ने लगातार मार्गदर्शन देकर उन्हें आगे बढ़ाया। वहीं धनीराम यादव, रवि पारिख और सोनू सिंह ने भी उनके खेल सफर में सहयोग दिया।

वर्तमान में अवि मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी, भोपाल में प्रशिक्षण ले रहे हैं, जहां ओलंपियन कोच समीर दाद के मार्गदर्शन में वे अपने खेल को और निखार रहे हैं। समीर दाद ने अवि को भारतीय हॉकी का संभावनाशील खिलाड़ी बताते हुए कहा कि उनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की क्षमता है।

हॉकी इंडिया द्वारा घोषित 18 सदस्यीय भारतीय टीम को लेकर कोच सरदार सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय दबाव और तेज खेल के अनुरूप तैयार किया गया है। भोपाल शिविर और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अभ्यास मैचों ने टीम को मजबूत बनाया है तथा लक्ष्य एशिया कप में शानदार प्रदर्शन कर खिताब जीतना है।

अवि मानिकपुरी के चयन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, खेल मंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, अटल श्रीवास्तव, सुशांत शुक्ला, पूर्व विधायक रजनीश सिंह, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। अवि की सफलता से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों में भी नई प्रेरणा देखने को मिल रही है कि छोटे शहरों से निकलकर भी अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा जा सकता है।



































