KORBA NEWS. कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र से महिला के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घरेलू विवाद के बाद घर छोड़कर निकली महिला के साथ उसके पति के दोस्त ने जबरदस्ती की। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित उसके साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, खाना बनाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। विवाद के बाद महिला रात में घर छोड़कर निकल गई और बालको चेक पोस्ट के पास एक दुकान के बाहर सो गई। इसी दौरान पति के दोस्त जाबिर अली की नजर महिला पर पड़ी। आरोप है कि उसने महिला को अपने साथी निरंजन संधू के घर भेज दिया, जहां निरंजन की मां और बहन ने उसे रात में रुकने की अनुमति दी।

अगले दिन निरंजन महिला को उसके घर छोड़ने निकला, लेकिन रास्ते में फिर से जाबिर अली मिल गया। इसके बाद दोनों महिला को घुमाने के बहाने लालघाट इलाके की ओर ले गए। आरोप है कि वहां महिला को जबरन शराब पिलाई गई और बाद में जंगल में ले जाकर जाबिर अली ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

घटना के बाद महिला किसी तरह अपने रिश्तेदार के घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद बालको थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।

बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जाबिर अली और उसके साथी निरंजन संधू को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।




































