RAIPUR NEWS. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij का विवादित बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे पीएम मोदी मेलोनी के साथ “हनीमून” मनाने गए हैं। बैज ने सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों को “वेडिंग शूट” जैसा बताया।

प्रदेश में खाद संकट को लेकर भी बैज ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों में किसानों को खाद नहीं मिल रहा है और किसान परेशान हैं। सरकार को यह बताना चाहिए कि किसानों के लिए खाद का कितना स्टॉक उपलब्ध है और कमी से निपटने के लिए क्या अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।

दुर्ग और बिलासपुर में कमिश्नरी प्रणाली लागू करने की तैयारी पर बैज ने कहा कि रायपुर में यह व्यवस्था पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि अपराध कम होने के बजाय बढ़े हैं। भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक का फोन चोरी होने की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार से पूछा कि कमिश्नरी सिस्टम से रायपुर को आखिर क्या फायदा मिला।

अंतागढ़ में 55 से अधिक सरपंचों के इस्तीफे के फैसले पर भी बैज ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्य ठप पड़े हैं और बजट का पैसा कहां खर्च हो रहा है, इसका जवाब सरकार के पास नहीं है। बैज ने कहा कि ढाई साल में सरकार कोई बड़ा काम नहीं कर पाई है।

डिप्टी सीएम Arun Sao के बयान पर पलटवार करते हुए बैज ने कहा कि उन्हें पाकिस्तान और बांग्लादेश की राजनीति की बजाय छत्तीसगढ़ और देश के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने महंगाई को लेकर भी सरकार को आड़े हाथों लिया।

कांग्रेस कार्यकारिणी गठन को लेकर भाजपा के सवालों पर बैज ने कहा कि भाजपा को पहले अपने संगठन की स्थिति देखनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में अब तक कई निगम-मंडलों में नियुक्तियां नहीं हुई हैं और कार्यकर्ता लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं।


































