Jalaun Medical College : उत्तर प्रदेश: जालौन के उरई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में देर रात इलाज को लेकर पहुंचे एक परिवार और जूनियर डॉक्टरों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें डॉक्टर और स्टाफ परिजनों के साथ धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?
पीड़ित बृजकिशोर गुप्ता के अनुसार, उनकी बेटी स्मृति घर में फिसलकर गिर गई थी और गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया, लेकिन आरोप है कि डॉक्टरों ने पहले पर्चा बनवाने को कहा। इस दौरान युवती दर्द से कराहती रही।

परिजनों का कहना है कि पर्चा बनवाने में 15-20 मिनट का समय लग रहा था। उन्होंने स्टाफ से तुरंत इलाज शुरू करने की गुहार लगाई, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। इसी बीच बृजकिशोर गुप्ता ने उरई सदर से भाजपा विधायक गौरी शंकर वर्मा को फोन कर मदद मांगी।

विधायक का फोन आने के बाद बढ़ा विवाद
परिवार का आरोप है कि विधायक का फोन आने के बाद मेडिकल स्टाफ और जूनियर डॉक्टर नाराज हो गए। घायल युवती के भाई ने पर्चा बनने तक प्राथमिक इलाज शुरू करने की बात कही, लेकिन डॉक्टरों ने मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

युवती के भाई और पिता के साथ मारपीट
आरोप है कि जूनियर डॉक्टरों और स्टाफ ने युवती के भाई और पिता के साथ मारपीट की। बृजकिशोर गुप्ता का यह भी कहना है कि इस दौरान उनका मोबाइल फोन तोड़ दिया गया और मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया, जिससे देर रात तक हंगामा चलता रहा।

मौके पर जुटे सैकड़ों लोग, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि करीब 300 मेडिकल छात्र और डॉक्टर भी वहां इकट्ठा हो गए थे। पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित किया। मारपीट में घायल युवक की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल उरई में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस को शिकायत देकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
Jalaun Medical College : दोनों पक्षों ने दी शिकायत
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह के अनुसार, मेडिकल कॉलेज की डॉक्टर आराध्या नगाइच की ओर से शिकायत दी गई है, जिसमें बृजकिशोर गुप्ता और अन्य पर अभद्रता, तोड़फोड़ और मारपीट का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने इस आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।वहीं, पीड़ित पक्ष ने भी शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



































