RAIPUR NEWS. रेलवे में स्पोर्ट्स कोटे की भर्ती के नाम पर कथित रिश्वतखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। भर्ती प्रक्रिया में मेडिकल फिटनेस को हथियार बनाकर एक अभ्यर्थी से 5 लाख रुपये की मांग करने के आरोप में दो अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को केंद्रीय जांच एजेंसी ने गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई ने रेलवे भर्ती व्यवस्था के साथ-साथ खेल जगत में भी हलचल मचा दी है।

गिरफ्तार आरोपियों में रेलवे में पदस्थ इंटरनेशनल बॉडी बिल्डिंग रेफरी बी. राजशेखर राव और वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी राजलक्ष्मी शामिल हैं। दोनों की नौकरी रेलवे में स्पोर्ट्स कोटे से हुई थी। जांच एजेंसी ने एक आरोपी को रायपुर के वीआईपी रोड इलाके से, जबकि दूसरे को दुर्ग स्थित निवास से हिरासत में लिया।

मेडिकल ‘फिटनेस’ को बनाया दबाव का जरिया
जानकारी के अनुसार, रायपुर रेल मंडल में स्पोर्ट्स कोटे से भर्ती प्रक्रिया चल रही थी। एक अभ्यर्थी लिखित परीक्षा और शारीरिक परीक्षण पार कर मेडिकल चरण तक पहुंचा था। इसी दौरान आरोप है कि दोनों आरोपियों ने उससे संपर्क कर मेडिकल रिपोर्ट को लेकर दबाव बनाया।
शिकायत के मुताबिक, अभ्यर्थी को कथित तौर पर कहा गया कि यदि रकम नहीं दी गई तो उसे मेडिकल में अनफिट कर दिया जाएगा, जबकि पैसे देने पर रिपोर्ट को अनुकूल बनाने का भरोसा दिया गया। इसके एवज में 5 लाख रुपये की मांग की गई थी।

शिकायत के बाद बिछा जाल, रकम लेते पकड़ाए
अभ्यर्थी की शिकायत मिलने के बाद जांच एजेंसी ने योजनाबद्ध कार्रवाई की। तय रणनीति के तहत रकम सौंपने की प्रक्रिया के दौरान आरोपी को रायपुर के वीआईपी रोड क्षेत्र में पकड़ लिया गया। इसके बाद दूसरे आरोपी को दुर्ग से गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान दोनों से पूछताछ की गई और कई दस्तावेज खंगाले गए।

घरों में तलाशी, कैश मिलने की चर्चा
कार्रवाई के बाद आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी भी ली गई। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान नकदी मिलने की जानकारी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। दोनों आरोपियों को बाद में विशेष अदालत में पेश किया गया।

भर्ती प्रक्रिया पर उठे सवाल
इस पूरे मामले ने रेलवे भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और स्पोर्ट्स कोटे में प्रभावशाली नेटवर्क की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चा इस बात की भी है कि क्या भर्ती प्रक्रिया में मेडिकल फिटनेस को दबाव और सौदेबाजी का माध्यम बनाया जा रहा था या यह एक सीमित घटना थी, जिसकी अब जांच होगी।
Chhattisgarh News, crime news, Deal worth Rs 5 lakh, medical fitness, Railway job 'sports network' exposed, Raipur News, tirandaj.com, tirandaj.com top 10 news web site, एक अभ्यर्थी से 5 लाख रुपये की मांग, कथित रिश्वतखोरी का बड़ा मामला, भर्ती प्रक्रिया में मेडिकल फिटनेस, रेलवे में स्पोर्ट्स कोटे की भर्ती


































