Dhamtari Viral Video: धमतरी। शहर में जनप्रतिनिधियों का एक वीडियो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। इस वीडियो में नगर निगम के महापौर जगदीश रामू रोहरा और भाजपा पार्षद ई-रिक्शा में क्षमता से ज्यादा सवारी बैठकर शहर में घूमते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह दौरा विकास कार्यों के निरीक्षण के लिए किया गया था।

जनप्रतिनिधियों का कहना था कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेट्रोल-डीजल बचाने और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए ई-रिक्शा का इस्तेमाल कर रहे थे। हालांकि, इस दौरान ट्रैफिक नियमों की अनदेखी साफ तौर पर दिखाई दी।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक ई-रिक्शा में जहां सामान्य रूप से 3 से 4 लोगों के बैठने की अनुमति होती है, वहीं उसमें 6 से 7 लोग सवार थे। कुछ लोग किनारे लटकते नजर आए, तो कुछ एक-दूसरे से सटकर बैठे हुए दिखे।

इस घटना के सामने आने के बाद लोगों में सवाल उठने लगे हैं कि क्या ट्रैफिक नियम सिर्फ आम नागरिकों के लिए ही हैं। शहर में यातायात पुलिस लगातार अभियान चलाकर नियमों के पालन की अपील करती है और उल्लंघन पर चालान भी काटती है। ऐसे में जब खुद जनप्रतिनिधि नियम तोड़ते नजर आए, तो मामला और गंभीर हो गया है।

वहीं, इस मामले में ट्रैफिक डीएसपी मोनिका मरावी ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि ई-रिक्शा में क्षमता से ज्यादा सवारी बैठाना नियमों के खिलाफ है और ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाती है।




































