DURG NEWS. लंबित मामलों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण निराकरण के उद्देश्य से माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा “समाधान समारोह 2026” अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आपसी सहमति और संवाद के माध्यम से मामलों के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय दुर्ग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। खास बात यह है कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान भी मीडियेटर और मध्यस्थ उपलब्ध रहेंगे, ताकि पक्षकारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और अधिक से अधिक मामलों का समाधान आपसी सहमति से किया जा सके।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आम नागरिकों, अधिवक्ताओं और पक्षकारों से इस विशेष अभियान का लाभ उठाने की अपील की है। प्राधिकरण के अनुसार विशेष लोक अदालत में पक्षकार प्रत्यक्ष रूप से या वर्चुअल माध्यम से भी शामिल होकर अपने मामलों के निराकरण की प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।

इच्छुक पक्षकार और अधिवक्ता आवेदन के लिए गूगल फॉर्म भर सकते हैं, जिसका लिंक सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।

अधिक जानकारी और सहायता के लिए “वन स्टॉप सेंटर (वार रूम)” के हेल्पलाइन नंबर 011-23112428 और 011-23112528 जारी किए गए हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने लंबित मामलों का त्वरित और सहज समाधान सुनिश्चित करें।






































