RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में एक बार फिर कथित तौर पर सामाजिक मर्यादाओं और सांस्कृतिक मूल्यों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शहर में आयोजित होने वाली “रेड रूम टेक्नो पार्टी” का सोशल मीडिया पर खुलेआम प्रचार किए जाने से मामला चर्चा में आ गया है।

जानकारी के अनुसार, पार्टी के प्रमोशनल वीडियो में नाबालिग लड़कियों के इस्तेमाल और अश्लील प्रस्तुति के आरोप लगाए गए हैं। वीडियो के जरिए युवाओं को आकर्षित करने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आ रही है।

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी में नशे से जुड़े पदार्थ परोसे जाने की आशंका जताई जा रही है। इसके साथ ही आयोजन स्थल की बुकिंग और अनुमति प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं। यह पार्टी शुक्रवार को “फर्जी कैफे” में शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक आयोजित होने वाली बताई जा रही है।

पार्टी के लिए 8 हजार रुपये से लेकर 40 हजार रुपये तक की बुकिंग फीस निर्धारित की गई है। वहीं कलाकारों से मुलाकात के लिए अलग शुल्क लेने की जानकारी भी सामने आई है।

इस आयोजन को लेकर सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

इस संबंध में ACP रमाकांत साहू ने कहा कि पुलिस को अभी तक इस तरह के आयोजन की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। हालांकि मामले को संज्ञान में लेकर जांच की जाएगी और किसी भी प्रकार के अश्लील आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी।




































