BILASPUR NEWS. शहर में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। की तोरवा थाना टीम ने रेलवे स्टेशन के पास अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 97.63 ग्राम हेरोइन, एक अल्टो कार, एक स्कूटी, पांच मोबाइल फोन और 57 हजार 800 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 5 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है।

ग्राहक का इंतजार कर रहे थे तस्कर
जानकारी के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास खड़ी एक अल्टो कार में कुछ युवक हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही तोरवा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर कार की जांच की। पुलिस को देखते ही कार में बैठे युवक घबरा गए और पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

बोतल में छिपाकर रखी थी हेरोइन
तलाशी के दौरान पुलिस को बैग में रखी एक बोतल से प्रतिबंधित हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह के दो आरोपी पंजाब के अमृतसर से हेरोइन लेकर बिलासपुर पहुंचे थे, जबकि तीन आरोपी मुंगेली के रहने वाले हैं जो नशीला पदार्थ खरीदने आए थे।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 22बी और 29 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुटी हुई है। इस कार्रवाई में तोरवा थाना पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही।





































