NEW DELHI NEWS. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में किसानों, ऊर्जा और रेलवे क्षेत्र से जुड़े कई बड़े फैसलों पर मुहर लगी। सरकार ने 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इसके साथ ही 37,500 करोड़ रुपये की कोयला गैसीकरण योजना और 20,667 करोड़ रुपये की अहमदाबाद-धोलेरा सेमी हाई-स्पीड रेल परियोजना को भी मंजूरी दी गई है।

सरकार ने खरीफ सीजन की 14 फसलों के MSP में वृद्धि की है। इनमें सबसे अधिक बढ़ोतरी सूरजमुखी बीज पर 622 रुपये प्रति क्विंटल की गई है। इसके बाद कपास में 557 रुपये, नाइजर बीज में 515 रुपये और तिल में 500 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई। वहीं धान के समर्थन मूल्य में 72 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। सरकार का कहना है कि इस फैसले से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।


केंद्रीय मंत्री Ashwini Vaishnaw ने बताया कि कैबिनेट ने 37,500 करोड़ रुपये की कोयला गैसीकरण योजना को मंजूरी दी है। इस योजना का उद्देश्य देश में उपलब्ध विशाल कोयला भंडार का उपयोग कर गैस उत्पादन बढ़ाना और ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करना है। इस गैस का उपयोग उर्वरक, बिजली उत्पादन और विभिन्न रसायनों के निर्माण में किया जाएगा। सरकार का मानना है कि यह कदम भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेगा।

इसके अलावा रेल मंत्रालय की अहमदाबाद (सरखेज)-धोलेरा अर्ध-उच्च गति डबल लाइन रेल परियोजना को भी मंजूरी दी गई है। करीब 20,667 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना भारत की पहली सेमी हाई-स्पीड रेल परियोजना होगी। सरकार के अनुसार यह प्रोजेक्ट भविष्य में देशभर में सेमी हाई-स्पीड रेल नेटवर्क विस्तार के लिए मॉडल के रूप में काम करेगा।






































