सूरजपुर, 10 मई 2026। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां पंप चोरी के आरोप में दो युवकों को ग्रामीणों ने जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। इतना ही नहीं, दोनों के हाथ और पीठ पर कथित चोरी का सामान भी लाद दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र के छिंदिया गांव का है। गांव के धनसाय और मुकेश पर खेत से समरसिबल पंप चोरी करने का आरोप लगाया गया। ग्रामीणों का दावा है कि दोनों को कथित तौर पर रंगे हाथ पकड़ा गया था। इसके बाद कुछ लोगों ने कानून अपने हाथ में लेते हुए दोनों युवकों के गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई और कथित चोरी का सामान उठवाकर गांवभर में घुमाया।

इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित युवकों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया है।

एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैकरा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में मारपीट और दुर्व्यवहार की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

गौरतलब है कि रामानुजनगर थाना क्षेत्र में एक महीने के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे पहले पस्ता गांव में चोरी के शक में एक युवक का आधा सिर मुंडवाकर उसे जूतों की माला पहनाई गई थी और पत्नी के साथ गांव में घुमाते हुए मारपीट की गई थी।




































