AMBIKAPUR NEWS. सरगुजा संभाग के चर्चित “टुनटुन दाबेली” सेंटर संचालक अमन ओझा की संदिग्ध हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। अमन का शव झारखंड के रंका क्षेत्र से बरामद हुआ, जबकि उनकी बाइक बलरामपुर जिले के रामानुजगंज इलाके में लावारिस हालत में मिली। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

मामला इसलिए भी बेहद संवेदनशील माना जा रहा है क्योंकि अमन ओझा पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर लगातार वीडियो पोस्ट कर अपनी जान को खतरा बता रहे थे। उन्होंने एक मुस्लिम युवक पर अपनी पत्नी को भगाने और लगातार धमकियां देने का आरोप लगाया था। अमन ने हिंदू संगठनों से मदद की अपील करते हुए वीडियो में यहां तक कहा था कि “अगर मुझे कुछ होता है, तो उसके जिम्मेदार वही लोग होंगे।”


परिजनों का आरोप है कि अमन ने इस मामले की शिकायत अंबिकापुर कोतवाली पुलिस से भी की थी, लेकिन पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। अब युवक की हत्या के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, अमन के शव पर सिर में गंभीर चोट के कई निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई होती, तो शायद अमन की जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।




































