JAGDALPUR NEWS. बस्तर जिले के भानपुरी क्षेत्र में एक महिला की मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार धर्मांतरित महिला के परिजन गांव के पास शव को दफनाना चाहते थे। इसी दौरान स्थानीय ग्रामीणों और कुछ हिंदूवादी संगठनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।

विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि जिस जमीन पर शव दफनाने की तैयारी की जा रही थी, वह वन भूमि है। उनका तर्क था कि वन भूमि पर शव दफनाना नियमों के खिलाफ है, इसलिए वहां अंतिम संस्कार की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत की और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक चली समझाइश और बातचीत के बाद परिजन शव को वहां से हटाने के लिए तैयार हो गए।

इसके बाद शव को करकपाल स्थित ईसाई कब्रिस्तान ले जाया गया। वहां धार्मिक रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ महिला का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई गई, जिससे किसी तरह की अप्रिय स्थिति नहीं बनी।

घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो गई। फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर रखे हुए है।






































