BILASPUR NEWS. शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में मोबाइल सॉफ्टवेयर अपडेट कराने के दौरान एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गया। अज्ञात आरोपी ने प्रार्थी के बैंक खाते से बड़ी सफाई से एक लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, बंधवापारा इमलीभांठा (सरकंडा) निवासी राजकुमार यादव, जो पेशे से वाहन चालक हैं, उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। राजकुमार ने बताया कि 7 मई 2026 की सुबह से उनका मोबाइल बार-बार बंद हो रहा था। इस तकनीकी समस्या को ठीक करने के लिए उन्होंने दोपहर करीब 2 बजे मोबाइल का सॉफ्टवेयर अपडेट कराया।

अपडेट के बाद खाली हुआ खाता
सॉफ्टवेयर अपडेट होने के बाद जब प्रार्थी ने अपना गूगल पे (Google Pay) अकाउंट खोलने की कोशिश की, तो वह ओपन नहीं हो रहा था। कुछ समय बाद जब उन्होंने दोबारा अपना बैंक अकाउंट चेक किया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उनके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), कलेक्ट्रेट शाखा स्थित खाते से अज्ञात तरीके से 1,00,000 रुपये ट्रांसफर हो चुके थे।

पुलिस की कार्रवाई
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि ठगी की यह राशि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एक खाते में भेजी गई है। राजकुमार यादव ने पुलिस को बताया कि यह ट्रांजैक्शन उनकी जानकारी और सहमति के बिना हुआ है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। उन्होंने साइबर अपराध के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी और राशि वापस दिलाने की मांग की है।

सरकंडा पुलिस ने अज्ञात खाताधारक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है।

सावधानी बरतें
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी अनजान लिंक या संदिग्ध तरीके से सॉफ्टवेयर अपडेट करते समय सावधानी बरतें। अपने बैंकिंग ऐप्स और ओटीपी (OTP) की जानकारी किसी से साझा न करें।



































