RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर आज आईपीएल के हाईवोल्टेज मुकाबले की मेजबानी करने जा रही है। Royal Challengers Bengaluru और Mumbai Indians के बीच मुकाबला Shaheed Veer Narayan Singh International Cricket Stadium में खेला जाएगा। मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है, लेकिन मौसम ने फैंस की धड़कनें भी बढ़ा दी हैं। रायपुर में आज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

हालांकि मौसम विभाग के अनुसार शाम के समय बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन शनिवार जैसी तेज बारिश की संभावना कम है। हल्की धूलभरी हवाएं चल सकती हैं, लेकिन फिलहाल मैच रद्द होने जैसी स्थिति बनने के आसार नहीं हैं। ऐसे में फैंस को पूरा मुकाबला देखने की उम्मीद है। रायपुर में अब तक खेले गए IPL मुकाबलों के आंकड़े बताते हैं कि यहां दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना ज्यादा फायदेमंद रहा है।

अब तक खेले गए 6 मैचों में 4 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत हासिल की है, जबकि पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम सिर्फ 2 मुकाबले जीत सकी है। शनिवार शाम हुई बारिश के कारण आउटफील्ड और पिच में हल्की नमी रह सकती है। ऐसे में शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट मिलने की संभावना है। नई गेंद थोड़ी रुककर आ सकती है, जिससे बल्लेबाजों को शुरुआत में संभलकर खेलना पड़ सकता है।

अगर पिच में नमी बनी रहती है तो मिडिल ओवर्स में स्पिनर्स को भी मदद मिल सकती है। गेंद ग्रिप और टर्न कर सकती है, जिससे बड़े शॉट खेलना आसान नहीं रहेगा। यही वजह है कि कप्तान टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला ले सकते हैं, ताकि शुरुआती परिस्थितियों का फायदा उठाया जा सके। मैच के लिए दर्शकों की एंट्री दोपहर साढ़े 3 बजे से शुरू होगी। मुकाबला शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने स्टेडियम पहुंचने के लिए रूट मैप भी जारी किया है। पार्किंग स्थल से स्टेडियम तक की दूरी करीब डेढ़ से दो किलोमीटर बताई गई है।

इस मैच के लिए डिजिटल M-टिकट जारी किए गए हैं। दर्शकों को टिकट का प्रिंट निकालने या उसे फिजिकल टिकट में बदलने की जरूरत नहीं होगी। मैच वाले दिन गेट खुलने से कुछ समय पहले ही टिकट पर QR कोड एक्टिव होगा, जिसे स्कैन कर सीधे स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक यह व्यवस्था सुरक्षा बढ़ाने और फर्जी एंट्री रोकने के लिए लागू की गई है।



































