KORBA NEWS. कोरबा जिले में पीएफ का पैसा निकालने के नाम पर रिश्वत मांगना एक क्लर्क को भारी पड़ गया। रविवार को सीबीआई की टीम ने एसईसीएल कुसमुंडा स्थित सीएमपीएफ विभाग में पदस्थ क्लर्क मनोहर लाल कौशिक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पूरे कार्यालय में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, एक खदान कर्मी अपने पीएफ की राशि निकालने के लिए सीएमपीएफ विभाग पहुंचा था।

क्लर्क विभाग में कार्यरत क्लर्क मनोहर लाल कौशिक से संपर्क किया, लेकिन आरोपी ने फाइल आगे बढ़ाने के बजाय उसे कई दिनों तक चक्कर कटवाए। आरोप है कि बाद में काम करने के एवज में रिश्वत की मांग की गई। खदान कर्मी ने इसकी शिकायत सीबीआई से कर दी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने पूरे मामले की जांच की।

इसके बाद सीबीआई ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के तहत भिलाई से दो वाहनों में पहुंची सीबीआई टीम ने कुसमुंडा कार्यालय में कार्रवाई करते हुए मनोहर लाल कौशिक को रिश्वत लेते समय धर दबोचा। सीबीआई की कार्रवाई के बाद कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ है।

वहीं, लंबे समय से विभागीय परेशानियों का सामना कर रहे खदान कर्मियों में इस कार्रवाई को लेकर खुशी देखी जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी क्लर्क से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

छत्तीसगढ़ की बड़ी कार्रवाई
- बिलासपुर रेलवे जोन में अधिकारी रिश्वत लेते पकड़े जा चुके हैं।
- SECL कोरबा और कुसमुंडा क्षेत्र में पीएफ, ठेका और बिल पास कराने में भ्रष्टाचार के मामले सामने आए।
- रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में पटवारी व राजस्व कर्मचारी ट्रैप में गिरफ्तार हुए।
- नगर निगमों में इंजीनियर और बाबू रिश्वत लेते पकड़े गए।
- स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग में भी पोस्टिंग व भुगतान के नाम पर कार्रवाई हुई।
- शराब घोटाला, कोयला लेवी और महादेव ऐप मामलों में ED-EOW ने बड़ी जांच की।



































