Kondagaon News : कोण्डागांव। शराब पीने से रोकना एक पत्नी को भारी पड़ गया। पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद फरार आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पीतम उर्फ प्रीतम कोर्राम ने 30 अप्रैल की रात शराब के नशे में अपनी पत्नी सुखदई कोर्राम पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि पत्नी उसे शराब पीने से मना करती थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाली रात भी इसी बात पर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर डंडे से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

हमले में गंभीर रूप से घायल सुखदई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान 3 मई को उसकी मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी प्रीतम कोर्राम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि पत्नी की लगातार टोका-टाकी से वह परेशान था और नशे की हालत में उसने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे जांच जारी है।




































