CHENNAI NEWS. तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर करते हुए अभिनेता से नेता बने ‘थलपति’ विजय अब मुख्यमंत्री की कुर्सी के बेहद करीब पहुंच गए हैं। विधानसभा चुनाव परिणाम आने के छह दिन बाद आखिरकार सियासी तस्वीर साफ हो गई है। विजय की पार्टी TVK (तमिलगा वेत्री कड़गम) को VCK (विदुथलाई चिरुथइगल काची) का समर्थन मिल गया है, जिसके बाद सरकार गठन का रास्ता लगभग साफ हो चुका है।

234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों की जरूरत है। चुनाव में TVK ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद कांग्रेस, CPI, CPI(M) और अब VCK के समर्थन से विजय के खेमे का आंकड़ा 119 तक पहुंच गया है, जो बहुमत से एक ज्यादा है।

सरकार बनाने का पूरा गणित
TVK: 108 विधायक
कांग्रेस: 05 विधायक
CPI: 02 विधायक
CPI(M): 02 विधायक
VCK: 02 विधायक
कुल समर्थन: 119 विधायक

इधर, सरकार गठन से पहले ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ की आशंका भी तेज हो गई है। कांग्रेस ने अपने पांचों विधायकों को एहतियातन हैदराबाद भेज दिया है। सूत्रों के मुताबिक, मेलूर विधायक पी. विश्वनाथन इस समूह की अगुवाई कर रहे हैं और उन्हें नई सरकार में मंत्री पद मिल सकता है।

वहीं VCK अध्यक्ष थोल. थिरुमावलवन ने TVK नेता आधव अर्जुना को आधिकारिक समर्थन पत्र सौंप दिया। इस मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद विजय समर्थकों में जश्न शुरू हो गया है। अब जल्द ही विजय राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं।
TVK खेमे के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि तमिलनाडु की जनता ने बदलाव के लिए जनादेश दिया है और सहयोगी दलों के साथ मिलकर स्थिर व प्रगतिशील सरकार दी जाएगी।


































