MASTURI NEWS. मस्तूरी थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। आंबेडकर चौक के आगे मस्तूरी मेन रोड पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खोरसी निवासी विजय कुमार कुर्रे ने पुलिस को बताया कि उनके भाई रघुनंदन कुर्रे अपने साथी राजा बंजारे के साथ पल्सर बाइक (CG 12 N 8477) से जा रहे थे। दोपहर करीब 1 बजे जब वे आंबेडकर चौक के आगे मस्तूरी मेन रोड पहुंचे, तभी सामने से आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो (CG 10 AV 1589) के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मस्तूरी पहुंचाया गया।

अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने रघुनंदन कुर्रे को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल राजा बंजारे की हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
मस्तूरी पुलिस ने आरोपी स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106, 125(a) और 281 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।






































