Bihar News बिहार: पुरुष-प्रधान समाज में महिलाओं की प्रताड़ना की खबरें आम हैं, लेकिन वैशाली जिले में एक उल्टा मामला सामने आया है। एक पति अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से इतना टूट चुका है कि वह अब मौत की दुआ मांग रहा है और युवकों से शादी न करने की अपील कर रहा है।

हाजीपुर के राजेंद्र चौक पर हाथ में पोस्टर लेकर बैठे व्यक्ति की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। यह व्यक्ति शैलेश कुमार मुजफ्फरपुर जिले के पताही का रहने वाला है। पोस्टर पर लिखा है – “अगर पत्नी अच्छी मिली तो जीवन स्वर्ग जैसा, लेकिन अगर पत्नी गलत मिल गई तो जीवन नरक बन जाता है।”

शैलेश कुमार ने बताया कि उनकी शादी 2018 में हाजीपुर के पोखरा मोहल्ले में हुई थी। शुरुआती एक साल तक सब ठीक रहा, लेकिन इसके बाद पत्नी और ससुराल वालों ने उन्हें प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पत्नी पक्का मकान और पैसे न होने के कारण उनके साथ रहने से इनकार कर रही है।

2023 में फैमिली कोर्ट में केस किया गया, लेकिन पत्नी के भाइयों ने झूठे बयान देकर समझौता करवा लिया। इसके बाद पत्नी के भाई और मोहल्ले के लड़कों ने उनकी पिटाई करवाई और पार्टनरशिप में चल रही दुकान से भी बेदखल कर दिया। शैलेश कुमार का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने शादी के समय यह छिपाया कि पत्नी की पहले भी एक शादी हो चुकी थी। पत्नी अब तक चार बार घर छोड़कर भाग चुकी है।

शैलेश कुमार ने कहा, “मैं दर-दर की ठोकरें खा रहा हूँ। इस देश में महिलाओं के लिए कानून और आयोग हैं, लेकिन पतियों पर हो रहे अत्याचार के लिए न कोई कानून है और न कोई आयोग।”बीच सड़क पर बैठे शैलेश अब न्याय की गुहार लगा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे शादी करने से पहले सोच-समझकर फैसला लें।





































