JOB NEWS. अगर आप बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है। Union Bank of India ने अप्रेंटिस के 1865 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के जरिए युवाओं को बैंकिंग सेक्टर में काम सीखने और व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा। देशभर के अलग-अलग राज्यों में पदों का वितरण किया गया है। सबसे ज्यादा 335 पद उत्तर प्रदेश में रखे गए हैं।

इसके अलावा महाराष्ट्र में 196, तेलंगाना में 164, कर्नाटक में 131, मध्य प्रदेश में 116 और तमिलनाडु में 95 पद तय किए गए हैं। बिहार, दिल्ली, गुजरात, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत कई अन्य राज्यों में भी वैकेंसी निकाली गई है। भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट होना जरूरी है। उम्मीदवार की डिग्री 1 अप्रैल 2022 या उसके बाद की होनी चाहिए। साथ ही जिस राज्य से आवेदन किया जा रहा है, वहां की स्थानीय भाषा का ज्ञान भी अनिवार्य रखा गया है।

अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के मुताबिक आयु सीमा में छूट मिलेगी। सामान्य और ओबीसी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 944 रुपए रखा गया है। वहीं सामान्य और ओबीसी वर्ग की महिला उम्मीदवारों को 708 रुपए शुल्क देना होगा। एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 236 रुपए तय किया गया है।

भर्ती प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवारों का लोकल लैंग्वेज टेस्ट लिया जाएगा, ताकि संबंधित राज्य की भाषा की जानकारी जांची जा सके। अंतिम चरण में मेडिकल टेस्ट के आधार पर चयन किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को एक साल की अप्रेंटिसशिप के दौरान हर महीने स्टाइपेंड दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में 15 हजार रुपए, शहरी क्षेत्रों में 18 हजार रुपए और मेट्रो शहरों में 20 हजार रुपए तक स्टाइपेंड मिलेगा।

ऐसे करें आवेदन
सबसे पहले यूनियन बैंक की आधिकारिक वेबसाइट unionbankofindia.co.in पर जाएं।
वहां Careers या Recruitment सेक्शन में जाकर Apprentice Recruitment 2026 के लिंक पर क्लिक करें।
इसके बाद उम्मीदवार NAPS और NATS पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करें।
लॉगिन करके आवेदन फॉर्म भरें।
सभी डीटेल्स भरने के बाद अंत में फॉर्म सबमिट करें।
अंतिम में उसका प्रिंट आउट निकालकर अपने पास रख लें।
































