NEW DELHI NEWS. पांच राज्यों के चुनावी रुझानों के बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री Narendra Modi ने पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इसे ऐतिहासिक क्षण बताया। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की मजबूत स्थिति पर खुशी जताते हुए उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत अब परिणाम में बदल रही है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह जीत विकास, सुशासन और जनता के भरोसे की जीत है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि देश अब “परफॉर्मेंस की पॉलिटिक्स” को स्वीकार कर रहा है और उसी आधार पर निर्णय ले रहा है।

‘साधना अब सिद्धि में बदली’
पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, सालों की साधना जब सिद्धि में बदलती है, तो जो खुशी होती है, वही आज हर कार्यकर्ता के चेहरे पर दिख रही है। उन्होंने इसे पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम बताया।

गंगा के बहाने राजनीतिक संदेश
अपने भाषण में उन्होंने गंगा का जिक्र करते हुए कहा कि अब “गंगोत्री से गंगासागर तक कमल खिल चुका है।” उनका इशारा उन राज्यों की ओर था जहां भाजपा या एनडीए की सरकार है।

लोकतंत्र और विश्वास की जीत
प्रधानमंत्री ने इस जीत को लोकतंत्र की ताकत बताते हुए कहा कि यह भारत के लोकतंत्र में अटूट विश्वास का प्रतीक है, यह विकास आधारित राजनीति की जीत है, यह ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करता है।
बढ़ी जिम्मेदारी का एहसास
अंत में पीएम मोदी ने कहा कि यह जीत सिर्फ जश्न का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का भी क्षण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से देश के विकास के लिए और अधिक समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया।
कुल मिलाकर, पीएम का संदेश साफ था—जनता अब काम के आधार पर राजनीति को स्वीकार कर रही है और उसी पर भरोसा जता रही है।






































