DURG NEWS. पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के पुरैना बस्ती में 5 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोपी किशोर चौहान उर्फ चेटा के अवैध मकान पर आज प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। नगर निगम की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाकर निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान मकान में रखा सामान भी जब्त किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी और उसका परिवार ग्राम पुरैना में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मकान बनाकर रह रहा था। नगर निगम द्वारा पहले ही नोटिस जारी कर मकान खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आदेश का पालन नहीं किया गया। इसके बाद आज प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जे को हटा दिया।


घटना का विवरण
25 अप्रैल को बच्ची सुबह घर से लापता हो गई थी और देर शाम पुरैना स्थित एनएसपीएसीएल पावर प्लांट के पास झाड़ियों में मिली। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और नशे का आदी बताया जा रहा है।






































