GARIYABAND NEWS. गरियाबंद जिले में उस समय माहौल बेहद गरम हो गया, जब एक ओर नगरपालिका के कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी थी, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ता रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ सड़कों पर उतर आए।

प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा के नेतृत्व में कांग्रेस ने गैस सिलेंडर की कीमतों में हो रही वृद्धि के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि प्रदर्शन स्थल उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूरी पर था, जिससे स्थिति और अधिक संवेदनशील हो गई।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए। तिरंगा चौक और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर महंगाई नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी, खासकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति पर गहरा असर डाला है।

कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस भवन से रैली निकालकर तिरंगा चौक की ओर बढ़े। उनके हाथों में तख्तियां थीं और वे “महंगाई कम करो” व “गैस सिलेंडर के दाम घटाओ” जैसे नारे लगा रहे थे। हालांकि, पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए रैली को जय स्तंभ चौक पर ही रोक दिया।

उपमुख्यमंत्री के दौरे के बीच हुए इस प्रदर्शन ने शहर का राजनीतिक माहौल गरमा दिया। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी के चलते कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल रहे।





































