RAIGHAR NEWS. जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक सीनियर छात्र ने 16 वर्षीय नाबालिग को घर में अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी आर्यन सोनी का पीड़िता के घर में पहले से आना-जाना था। अक्टूबर 2025 में जब पीड़िता घर पर अकेली थी, तब आरोपी ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। इसके बाद नवंबर में उसने दोबारा ऐसी ही हरकत करने की कोशिश की। लोकलाज और आरोपी की धमकियों के कारण पीड़िता लंबे समय तक खामोश रही और मानसिक प्रताड़ना झेलती रही।

फोन पर गाली-गलौज और सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी
घटना के बाद भी आरोपी की हिम्मत कम नहीं हुई। आरोपी और उसके साथियों ने पीड़िता को लगातार फोन कर गालियां दीं और सोशल मीडिया के जरिए उसे बदनाम करने की धमकी दी। लगातार बढ़ रहे मानसिक दबाव के बाद पीड़िता ने अंततः अपनी मां को आपबीती सुनाई, जिसके बाद महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

पॉक्सो और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी आर्यन सोनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 332(8), 351(4) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत केस दर्ज किया है। बुधवार को पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

एसएसपी का सख्त संदेश
रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी और अपराधियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






































