BILASPUR NEWS. सकरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बीट सिस्टम और ACCU (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की तकनीकी मदद से की गई इस कार्रवाई में उन आरोपियों को पकड़ा गया, जो IPL क्रिकेट मैचों और ऑनलाइन लूडो गेम के जरिए करोड़ों रुपये का सट्टा संचालित कर रहे थे।

29 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सकरी स्थित ओम स्पेस कॉलोनी में दबिश दी, जहां से गिरोह के सरगना राहुल छाबड़ा को उसके साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, राहुल छाबड़ा पहले भी सट्टा गतिविधियों में लिप्त रहा है और उसने अन्य राज्यों से नेटवर्क जोड़कर इस अवैध कारोबार को फैलाया था।

गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश नागवानी, आशीष सोमानी, कैलाश चावला, विजय नागवानी, दिनेश लालवानी और एक नाबालिग शामिल है। ये सभी मुख्य रूप से मध्य प्रदेश के सागर, बालाघाट और कटनी जिलों के निवासी बताए जा रहे हैं।

डिजिटल नेटवर्क से चल रहा था सट्टा, भारी सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से सट्टा संचालन में इस्तेमाल होने वाले कई डिजिटल उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं, जिनमें 21 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 13 एटीएम कार्ड, 8 पासबुक और एक क्रेटा कार (MP 18 ZB 8565) शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में इन उपकरणों से 2 करोड़ रुपये से अधिक के लेन-देन के प्रमाण मिले हैं। पुलिस अब बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की गहराई से जांच कर रही है, जिससे इस नेटवर्क के अन्य राज्यों में फैले तार भी सामने आ सकते हैं।

कठोर धाराओं में केस, और खुलासों के संकेत
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई ऑनलाइन सट्टा माफिया के खिलाफ बड़ी सफलता है और जांच आगे बढ़ने पर इस नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं।





































