RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित जमीन मुआवजा घोटाले की जांच के बीच एक नया विवाद सामने आया है। अभनपुर थाना क्षेत्र में जमीन कारोबारी गोपाल गांधी के घर पर छापेमारी करने पहुंची प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम के साथ कथित रूप से बदसलूकी और धक्का-मुक्की की घटना हुई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईडी अधिकारी गोपाल गांधी के निवास पर जांच कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान उनके पिता सत्यनारायण गांधी और भाई जय प्रकाश गांधी ने कार्रवाई का विरोध किया और अधिकारियों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान ईडी के डिप्टी डायरेक्टर नीरज कुमार सिंह के साथ धक्का-मुक्की की गई तथा अभद्र व्यवहार किया गया।

अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र श्याम ने बताया कि ईडी अधिकारियों की ओर से इस संबंध में लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर सत्यनारायण गांधी और जय प्रकाश गांधी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना में कथित जमीन मुआवजा घोटाले की जांच के तहत की जा रही है, जिसमें पहले भी कई स्थानों पर छापेमारी और दस्तावेजों की जांच की जा चुकी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





































