TEHRAN NEWS. ईरान ने अमेरिका को साफ संदेश देते हुए कहा है कि वह अब दबाव की राजनीति नहीं मानेगा। होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के प्रस्ताव के बीच दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है, लेकिन परमाणु कार्यक्रम पर मतभेद के कारण कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका है। ईरान ने मंगलवार को कहा कि अब अमेरिका उस स्थिति में नहीं है कि वह दूसरे देशों को बताए कि उन्हें क्या करना चाहिए। बता दें कि ओमान के मुसंदम तट के पास सोमवार को होर्मुज में कई जहाज खड़े दिखाई दिए। युद्ध शुरू होने के बाद से इनमें से कई जहाज फंसे हुए हैं।

ईरान के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता रेजा तलाएई-निक ने सरकारी टीवी पर कहा कि वे ट्रम्प का दबाव नहीं सहन करेंगे और अमेरिका को अपनी गलत मांगें छोड़नी होंगी। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका, होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने से जुड़े ईरान के नए प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। अमेरिका, ईरान और इजराइल के बीच फिलहाल युद्धविराम लागू है, लेकिन संघर्ष खत्म करने के लिए जारी बातचीत में अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है।

इस बीच ईरान पहली बार होर्मुज खोलने को तैयार हुआ है और उसने अमेरिका से समुद्री नाकेबंदी हटाने की अपील की है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने तीन ईरानी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने रविवार को अमेरिका को बातचीत के लिए नया प्रस्ताव दिया। हालांकि ट्रम्प इस प्रस्ताव को मानने को तैयार नहीं हैं। CNN के मुताबिक ट्रम्प प्रशासन का मानना है कि परमाणु कार्यक्रम का समाधान किए बिना होर्मुज खोलने से अमेरिका की स्थिति कमजोर हो सकती है, इसलिए दोनों मुद्दों का हल साथ होना चाहिए।

ट्रम्प दो दिन में दूसरी बार ईरान का प्रस्ताव ठुकरा चुके हैं। पिछले कई हफ्तों से दोनों देशों के बीच पाकिस्तान के जरिए प्रस्तावों का आदान-प्रदान हो रहा है, लेकिन परमाणु कार्यक्रम से जुड़े अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी है। अमेरिका ने मांग की थी कि ईरान 20 साल तक अपना परमाणु कार्यक्रम रोक दे और 440 किलो समृद्ध यूरेनियम सौंप दे। ईरान ने इसे अनुचित बताते हुए खारिज कर दिया।

इससे पहले 26 अप्रैल को ईरान ने प्रस्ताव दिया था कि 5 साल तक यूरेनियम संवर्धन पूरी तरह रोका जाएगा और अगले 5 साल तक सीमित स्तर पर नागरिक उपयोग के लिए संवर्धन होगा। साथ ही यूरेनियम भंडार का एक हिस्सा अंतरराष्ट्रीय निगरानी में ईरान में रहेगा और बाकी रूस को दिया जाएगा।





































