BHILAI NEWS. रूंगटा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित बहुप्रतीक्षित ओपन कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव “प्लेसमेंटनामा” का सोमवार को सफल समापन हो गया। कई दिनों तक चले इस रोजगार मेले में हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया और अब इसकी अगली कड़ी में मंगलवार को “सच हुए सपने” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें चयनित विद्यार्थियों को कंपनियों के ऑफर लेटर प्रदान किए जाएंगे।

इस विशेष कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और अपने हाथों से चयनित छात्रों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। प्लेसमेंट के बाद यह पहला अवसर होगा, जब सभी चयनित छात्र एक साथ मंच पर सम्मानित होंगे।

प्लेसमेंटनामा का यह 14वां संस्करण रहा, जिसमें इस बार कुल 10,842 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया। कैंपस में लगातार चली इंटरव्यू प्रक्रिया में करीब 7,000 उम्मीदवार शामिल हुए, जिनमें से अब तक 1,702 अभ्यर्थियों का चयन किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त करीब 350 छात्र पहले ही विभिन्न कंपनियों में चयनित हो चुके थे।

इस प्लेसमेंट ड्राइव में 103 कंपनियों ने भाग लिया और विभिन्न पदों पर भर्ती की गई। छात्रों को 4 लाख से लेकर 17 लाख रुपये सालाना तक के आकर्षक पैकेज पर नौकरी के ऑफर मिले। सबसे अधिक 67 छात्रों का चयन 8 लाख रुपये सालाना पैकेज पर हुआ, जबकि 10 लाख, 9 लाख और 6 लाख के पैकेज पर भी बड़ी संख्या में युवाओं को अवसर प्राप्त हुए।

पूरे आयोजन में तकनीकी कंपनियों की भागीदारी अधिक रही। एक ही स्थान पर कई कंपनियों के इंटरव्यू होने से छात्रों को विभिन्न अवसरों में अपनी प्रतिभा आजमाने का मौका मिला। खास बात यह रही कि कई छात्रों को पहली ही इंटरव्यू में सफलता मिल गई, जिससे उनके सपने साकार हो गए।





































