BILASPUR NEWS. तोरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लालखदान ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार कार और ऑटो के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में ऑटो में सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम धनगवां (मल्हार चौकी) निवासी रणजीत डहरिया अपनी पत्नी बिरस बाई डहरिया के साथ गुजरात में मजदूरी करते थे। वे रविवार-सोमवार की दरमियानी रात ट्रेन से बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। वहां से अपने गांव जाने के लिए उन्होंने सुबह करीब 5 बजे एक ऑटो (क्रमांक CG 10 AG 7221) किराए पर लिया।


आमने-सामने की टक्कर से उड़े ऑटो के परखच्चे
जैसे ही ऑटो लालखदान ओवरब्रिज के ऊपर पहुंचा, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार (क्रमांक CG 04 BA 3294) ने उसे सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बिरस बाई डहरिया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं उनके पति रणजीत डहरिया की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि ऑटो चालक के दोनों पैर टूट गए हैं।

कार चालक गिरफ्तार, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल घायलों को अस्पताल भिजवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और कार चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।





































