RAIPUR NEWS. राजधानी में प्रस्तावित स्ट्रेंजर मीटअप पार्टी आखिरकार शुरू होने से पहले ही रद्द हो गई। सोशल मीडिया पर प्रचार के साथ ही इस आयोजन का विरोध तेज हो गया था। हालात बिगड़ते देख संबंधित कैफे संचालकों ने खुद ही कार्यक्रम से दूरी बना ली और बुकिंग निरस्त कर दी। पुलिस के अनुसार, पंजाब की एक इवेंट कंपनी के नाम से फोन कर राजेंद्र नगर स्थित एक कैफे में पार्टी के लिए बुकिंग कराई गई थी। शुरुआती बातचीत में इसे सामान्य पार्टी बताया गया था, लेकिन जब कैफे संचालक को स्ट्रेंजर पार्टी की वास्तविक जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत कार्यक्रम रद्द कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, पहले आयोजन राजेंद्र नगर में तय था। वहां से रद्द होने के बाद आयोजकों ने तेलीबांधा और वीआईपी रोड के कैफे-रेस्टोरेंट से संपर्क किया, लेकिन सभी संचालकों ने इसे आयोजित करने से साफ इनकार कर दिया। नुक्कड़ कैफे के संचालक प्रियांक पटेल ने वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से बताया कि उनके यहां इस तरह का कोई आयोजन नहीं होगा।

सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टर और वीडियो में इस पार्टी का आक्रामक प्रचार किया गया था। पोस्ट में ‘लास्ट थ्री स्लॉट फ्री’ और ‘वुमन बुकिंग हाउसफुल’ जैसे मैसेज लिखे गए थे। वीडियो में युवतियां डांस करती और युवकों से बातचीत करती नजर आईं। इन पोस्ट्स में अनजान लड़के-लड़कियों को एक साथ पार्टी में बुलाने, एंट्री फीस और एडवांस बुकिंग जैसी जानकारी भी दी गई थी, जिससे मामला और विवादित हो गया।

एसीपी रमाकांत साहू के मुताबिक, जिस इवेंट कंपनी के नाम से बुकिंग की गई, उसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस तरह के कई मामलों में साइबर ठगी सामने आई है, जहां लोगों से एडवांस फीस लेकर आयोजक गायब हो जाते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर ऐसे पोस्ट देखकर तुरंत पैसे ट्रांसफर न करें। आयोजन की सत्यता की पुष्टि जरूर करें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में इस तरह के आयोजनों की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी होटल, रेस्टोरेंट और कैफे संचालकों को निर्देश जारी कर कहा गया है कि बिना पूरी जानकारी के किसी भी इवेंट की बुकिंग न करें। सोशल मीडिया के जरिए तेजी से फैल रहे ऐसे आयोजनों पर अब प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है।






































