BILASPUR NEWS. शहर में एटीएम फ्रॉड के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहाँ मुंगेली नाका स्थित एसबीआई एटीएम में मदद करने के बहाने दो अज्ञात युवकों ने एक बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बनाया और उनके खाते से 30 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, नेहरू नगर निवासी उषा राठौर (61 वर्ष) बीते 23 अप्रैल की शाम करीब 4:30 बजे मुंगेली नाका स्थित एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने गई थीं। उन्होंने पहली बार में 10 हजार रुपये सफलतापूर्वक निकाले, लेकिन दोबारा प्रयास करने पर उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। इसी दौरान वहां मौजूद दो अज्ञात युवकों ने मदद की पेशकश की। युवकों ने महिला को कस्टमर केयर पर कॉल करने का झांसा देकर उलझाए रखा और बातों-बातों में उनकी गोपनीय जानकारी हासिल कर ली।

तीन किस्तों में निकाली राशि
महिला को ठगी का एहसास तब हुआ जब उनके मोबाइल पर पैसे कटने के मैसेज आने लगे। आरोपियों ने सरकंडा स्थित एटीएम का उपयोग कर अलग-अलग समय में कुल 30 हजार रुपये निकाल लिए थे। घबराई हुई महिला ने तुरंत अपना कार्ड ब्लॉक कराया और घटना की लिखित शिकायत क्राइम ब्रांच व संबंधित बैंक में दर्ज कराई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्रार्थिया के अनुसार, आरोपियों की संख्या 2 से 3 थी, जो गोरे रंग के और लंबे कद के थे। खास बात यह है कि उन्होंने चेहरे पर कोई नकाब नहीं बांधा था। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 3(5)-BNS एवं 303(2)-BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस अब एटीएम और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि एटीएम के भीतर किसी भी अनजान व्यक्ति की मदद न लें। यदि कार्ड फंसता है या कोई तकनीकी समस्या आती है, तो सीधे बैंक से संपर्क करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।





































