BHILAI NEWS. छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन एवं पॉवर जिम, भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 26वीं छत्तीसगढ़ राज्य पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का तीन दिवसीय रोमांचक आयोजन 19 अप्रैल को शानदार अंदाज में संपन्न हो गया। 17 से 19 अप्रैल तक चली इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए 250 से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और हुनर का प्रदर्शन कर कई नए कीर्तिमान स्थापित किए।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रहे, जिन्होंने विजेता खिलाड़ियों को ‘बेस्ट प्लेयर’ के खिताब से नवाजते हुए ट्रॉफी और टाइटल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन देने की।

इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम में चयनित जयदीप साहू, प्रियांक मिश्रा, अमान शुक्ला और नश्कर टंडन को विशेष सम्मान दिया गया। साथ ही भारतीय टीम के कोच के रूप में चयनित कृष्णा साहू को भी मंच से सम्मानित किया गया।

भावुक पलों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन के महासचिव कृष्णा साहू ने अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे कठिन समय में भूपेश बघेल ने उनके परिवार की मदद की थी। उन्होंने यह भी बताया कि अपने खिलाड़ी जीवन के दौरान अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए उन्हें बघेल द्वारा आर्थिक सहयोग मिला था, जिसने उनके करियर को नई दिशा दी।

आयोजन टीम को मिली सराहना
मुख्य अतिथि ने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति के अध्यक्ष कैलाश जैन बरमेचा, महासचिव कृष्णा साहू, कोषाध्यक्ष संतोष देवांगन सहित पूरी टीम को बधाई दी। कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।

उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जिनके नामों की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
26th State Powerlifting Championship, 26th State Powerlifting Championship bhilai, 26वीं छत्तीसगढ़ राज्य पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता, Battle of Strength, Bhilai News, Chhattisgarh News, Grand Finale, tirandaj.com, tirandaj.com top 10 news web site, छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन एवं पॉवर जिम, तीन दिवसीय रोमांचक आयोजन





































