SAKTI NEWS. छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट हादसे में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ताजा जानकारी के अनुसार इस दर्दनाक हादसे में मरने वालों का आंकड़ा पहले 3 से बढ़कर अब 8 हो गया है। वहीं दो दर्जन से अधिक मजदूर घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

धमाके के बाद प्लांट परिसर में मची अफरा-तफरी
डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए अचानक धमाके से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। हादसा इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रायगढ़ के अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी
हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को रायगढ़ के निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

प्लांट गेट के बाहर विरोध प्रदर्शन, पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। हादसे के बाद प्लांट गेट के बाहर मजदूरों और परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोग नारेबाजी कर रहे हैं और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और संभावित लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी गई है।



































