JAGDALPUR NEWS. बस्तर में कांग्रेस संगठन के भीतर एक बार फिर अंदरूनी कलह की स्थिति सामने आई है। कांग्रेस नेत्री कमल झज्ज ने जिला कांग्रेस कमेटी में महामंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे का कारण निजी अस्वस्थता बताया है।

बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी अनुशासनहीनता के आरोप में कांग्रेस ने कमल झज्ज को निष्कासित कर दिया था। हालांकि हाल ही में पार्टी ने उन्हें पुनः बहाल करते हुए बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी में महामंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी थी।

अब उनके अचानक इस्तीफा देने से संगठन के भीतर एक बार फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। उन्होंने अपना इस्तीफा बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष को सौंप दिया है, जिसे लेकर पार्टी के अंदरूनी समीकरणों पर भी सवाल उठने लगे हैं।

निवेदिता चटर्जी का इस्तीफा
आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी के भीतर चल रही अंतर्कलह के बीच, प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) की सचिव निवेदिता चटर्जी ने भी बीते दिनों पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने संगठन में उपेक्षा का आरोप लगाया। इसके अलावा, पार्टी में 10 अन्य नेताओं ने भी इस्तीफे दिए थे और दंतेवाड़ा में भी जिलाध्यक्ष ने इस्तीफा दिया था, जिससे पार्टी में अंदरूनी कलह और गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है।

प्रदेश सचिव निवेदिता चटर्जी ने दीपक बैज (प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष) को पत्र लिखकर 11 साल की सेवा के बाद भी अवसर न मिलने और उपेक्षा का आरोप लगाया। इस दौरान नवनियुक्त महामंत्री, 3 जिला सचिव और 6 मंडल अध्यक्षों सहित लगभग 10 नेताओं ने इस्तीफा दिया। इस्तीफे देने वाले नेताओं ने परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था।






































