DURG NEWS. विधानसभा चुनाव के दौरान सामने आए बहुचर्चित MMS वायरल मामले में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। पुलिस की ओर से जारी नोटिस के बाद आज विधायक देवेंद्र यादव भिलाई नगर कोतवाली थाना पहुंचकर अपने फोटो और वीडियो के सैंपल सौंपे। करीब ढाई साल पुराने इस मामले को लेकर वे काफी आक्रामक रुख में नजर आए।

विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि इस मामले में वे स्वयं प्रार्थी हैं, लेकिन पुलिस शासन और प्रशासन के दबाव में केवल नोटिस जारी करने की प्रक्रिया में उलझी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 6 अप्रैल को उन्हें नोटिस भेजा गया, जिसमें उसी दिन सुबह 11 बजे थाने में उपस्थित होने के लिए कहा गया था, जबकि वह नोटिस डाक के माध्यम से दोपहर 1 बजे उनके पास पहुंचा।


उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान वायरल किए गए इस कथित MMS के जरिए उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी। यादव ने आरोप लगाया कि घटना के ढाई साल बीत जाने के बाद भी पुलिस इस मामले की जांच पूरी नहीं कर पाई है।

विधायक ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया था। उनका कहना है कि जब भाजपा के एक मंत्री के कथित वीडियो मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी (CBI) से कराई जा सकती है, तो उनके मामले में भी निष्पक्ष जांच के लिए CBI से जांच कराई जानी चाहिए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।



































