RAIGHAR NEWS. कोतरा रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत किरोड़ीमल नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक युवक ने मामूली विवाद के बाद अपनी लिव-इन पार्टनर की मंगलसूत्र से गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी ने वारदात को छुपाने के लिए मौत का कारण बीमारी बताया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, मृतिका धनेश्वरी विश्वकर्मा (40 वर्ष) पिछले 4 साल से अपने पति को छोड़कर आरोपी विकेश बरैठ (26 वर्ष) के साथ किरोड़ीमल नगर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। धनेश्वरी पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थी, जिसका इलाज विकेश करा रहा था।

1 अप्रैल को धनेश्वरी द्वारा समय पर दवा नहीं खाने और खाना नहीं बनाने की बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि विकेश ने धनेश्वरी को थप्पड़ जड़ दिया। जब धनेश्वरी ने घर छोड़कर जाने की बात कही, तो तैश में आकर विकेश ने पीछे से उसका मंगलसूत्र पकड़कर जोर से खींच दिया, जिससे गला घुटने के कारण वह बेहोश होकर गिर पड़ी।

अस्पताल में झूठी कहानी गढ़ने की कोशिश
धनेश्वरी के शरीर में हलचल बंद होने पर आरोपी उसे घबराहट में जिंदल अस्पताल ले गया। वहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने डॉक्टरों और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और बताया कि तबीयत खराब होने के कारण वह अचानक बेहोश हो गई थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज
कोतरा रोड पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। 7 अप्रैल को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला दबने और दम घुटने के कारण हुई है। इसके बाद डीएसपी अजय नागवंशी और पुलिस टीम ने विकेश से कड़ी पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

तलाक न होना भी था तनाव का कारण
पूछताछ में यह भी सामने आया कि धनेश्वरी का अपने पति मनोज विश्वकर्मा से तलाक का मामला कोर्ट में लंबित था। तलाक न होने के कारण विकेश और धनेश्वरी शादी नहीं कर पा रहे थे, जिसे लेकर अक्सर उनके बीच तनाव और झगड़े की स्थिति बनी रहती थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।




































